डिजिटल साक्षरता शिविर में विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

 

 

 

ऑनलाइन ठगी, फिशिंग लिंक और संदिग्ध वेबसाइटों से बचाव के बताए तरीके

संवाददाता – नितिन कुमार

 

कोटद्वार। डिजिटल साक्षरता शिविर एवं साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान के अंतर्गत सोमवार को उत्तराखंड राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थान, कोटद्वार (पौड़ी गढ़वाल) में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को डिजिटल तकनीक के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग के साथ-साथ बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना रहा।

 

कार्यक्रम में Arise Computers के संस्थापक आशीष गौनियाल को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव, सुरक्षित इंटरनेट उपयोग, ऑनलाइन ठगी, फिशिंग लिंक, संदिग्ध वेबसाइट एवं मोबाइल एप्लीकेशन तथा व्यक्तिगत और संवेदनशील जानकारी की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी।

आशीष गौनियाल ने कहा कि वर्तमान दौर में डिजिटल तकनीक शिक्षा, बैंकिंग, खरीदारी और संचार सहित दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बन चुकी है। ऐसे में डिजिटल सुविधाओं के साथ साइबर सुरक्षा को लेकर सतर्क रहना भी बेहद जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि अनजान लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी, पासवर्ड, बैंकिंग संबंधी जानकारी या अन्य गोपनीय विवरण किसी के साथ साझा न करें तथा ऑनलाइन लेन-देन के दौरान विशेष सावधानी बरतें।

 

उन्होंने विद्यार्थियों को साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों को पहचानने और संदिग्ध गतिविधियों की स्थिति में तत्काल सतर्कता बरतने के संबंध में भी जानकारी दी।

 

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की और अपनी जिज्ञासाओं को लेकर प्रश्न भी पूछे। विशेषज्ञ द्वारा विद्यार्थियों के सवालों का समाधान करते हुए डिजिटल प्लेटफॉर्म के सुरक्षित इस्तेमाल से जुड़ी व्यावहारिक सावधानियां बताई गईं।

 

इस अवसर पर संस्थान के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने के साथ उन्हें साइबर अपराधों से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों और जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।

 

 

Leave a Comment

और पढ़ें