पौड़ी की बालिका हैंडबॉल टीम ने जीता तीसरा स्थान, चमोली को 14-4 से हराया

हैंडबॉल प्रतियोगिता में पौड़ी की बेटियों का शानदार प्रदर्शन, चमोली को 14-4 से हराकर हासिल किया तीसरा स्थान

 

रिपोर्टर : नितिन कुमार

 

कोटद्वार। हरिद्वार में आयोजित सीनियर बालिका हैंडबॉल प्रतियोगिता में पौड़ी गढ़वाल की बेटियों ने शानदार खेल प्रतिभा का परिचय देते हुए जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में पौड़ी की टीम ने चमोली की टीम को 14-4 के बड़े अंतर से पराजित कर तृतीय स्थान हासिल किया। बेटियों की इस उपलब्धि से खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है।

हरिद्वार में आयोजित सीनियर बालिका हैंडबॉल प्रतियोगिता में तृतीय स्थान हासिल करने वाली पौड़ी गढ़वाल की टीम।

जानकारी के अनुसार, 30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक हरिद्वार स्थित गुरुकुल कांगड़ी में सीनियर बालिका हैंडबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों की टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में पौड़ी गढ़वाल की टीम ने शुरुआत से ही बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया और अपनी प्रतिभा, टीम भावना तथा शानदार तालमेल से सभी का ध्यान आकर्षित किया।

 

तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में पौड़ी की खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए चमोली की टीम को 14-4 से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ पौड़ी की टीम ने प्रतियोगिता में तीसरा स्थान अपने नाम किया। वहीं, देहरादून की टीम ने प्रथम और ऊधमसिंह नगर की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

 

हैंडबॉल एसोसिएशन के सचिव यशदीप सिंह ने बताया कि पौड़ी जिले की बालिका टीम ने प्रतियोगिता में सराहनीय प्रदर्शन किया है। टीम की मेहनत और खिलाड़ियों के आपसी तालमेल का परिणाम इस उपलब्धि के रूप में सामने आया है।

 

वहीं, टीम के कोच एवं एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष रमनदीप सिंह ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि जिले की बालिका टीम पिछले काफी समय से निरंतर अभ्यास और मेहनत कर रही है। खिलाड़ियों की लगन और समर्पण के चलते टीम लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

 

टीम में शामिल रहीं ये खिलाड़ी

 

पौड़ी की टीम में अंशिका, रिया, रितु, जिया, ईशिता, प्रियंका, आवृत्ति, अनन्या, आरोही, राधिका, अपराजिता और प्रियांशी सहित अन्य खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।

 

पौड़ी की बालिका हैंडबॉल टीम की इस उपलब्धि ने एक बार फिर साबित किया है कि उत्तराखंड की बेटियां खेल के मैदान में भी अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर नई ऊंचाइयां हासिल कर रही हैं। टीम की इस सफलता से जिले की उभरती हुई महिला खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

Leave a Comment

और पढ़ें