प्रेशर पाइप फटने के बाद अनियंत्रित हुई बस, पेड़ से टकराकर रुकी; एक-दो यात्रियों को मामूली चोटें
कोटद्वार। कोटद्वार से पौड़ी-श्रीनगर जा रही गढ़वाल मोटर ओनर्स यूनियन (जीएमओयू) की बस बुधवार दोपहर दुगड्डा और गुमखाल के बीच भदालीखाल के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी। हादसे के समय बस में चालक समेत कुल 30 लोग सवार थे। राहत की बात यह रही कि सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में एक-दो यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
प्रेशर पाइप फटने से बिगड़ा बस का संतुलन
जानकारी के अनुसार, जीएमओयू की बस बुधवार दोपहर करीब एक बजे कोटद्वार से पौड़ी-श्रीनगर के लिए रवाना हुई थी। करीब दो बजे दुगड्डा से आगे गुमखाल के बीच भदालीखाल के पास अचानक बस का प्रेशर पाइप फट गया। इससे बस आगे नहीं बढ़ सकी।
- बताया जा रहा है कि सड़क पर ढलान होने के कारण बस पीछे की ओर खिसकने लगी। चालक ने बस को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन देखते ही देखते बस अनियंत्रित होकर सड़क के बाईं ओर खाई में जा गिरी। हालांकि, बस एक पेड़ से टकराकर रुक गई, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने यात्रियों को सुरक्षित निकाला
हादसे की सूचना मिलते ही दुगड्डा और गुमखाल चौकियों की पुलिस टीम के साथ लैंसडौन कोतवाली से पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए बस में सवार सभी 30 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
हादसे के बाद कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। हालांकि, सभी यात्रियों के सुरक्षित बाहर निकलने और किसी के गंभीर रूप से घायल न होने से पुलिस, यात्रियों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
पुलिस ने घटना के संबंध में आवश्यक जानकारी जुटाते हुए हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।








