पदमपुर की बदहाल सड़कों पर फूटा जनता का आक्रोश

 

 

जर्जर मार्गों से त्रस्त लोगों के बीच पहुंचे पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी, समस्याओं का लिया जायजा

संवाददाता – नितिन कुमार

 

कोटद्वार। पदमपुर क्षेत्र में लंबे समय से बदहाल पड़ी सड़कों को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। जर्जर सड़कों और जगह-जगह बने गड्ढों के कारण राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों और स्थानीय नागरिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी बीच पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने सोमवार को क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं।

मौके पर मौजूद स्थानीय नागरिकों ने सड़कों की खराब स्थिति को लेकर अपनी समस्याएं सामने रखीं। लोगों का कहना था कि क्षेत्र की कई सड़कें लंबे समय से मरम्मत के अभाव में खस्ताहाल हैं। स्थानीय लोगों ने दावा किया कि करीब 12–14 वर्ष पहले नेगी के कार्यकाल में बनी कुछ सड़कें आज रखरखाव के अभाव में खराब स्थिति में पहुंच गई हैं।

लोगों ने यह भी बताया कि एडीबी की पाइपलाइन की खुदाई के बाद कई स्थानों पर सड़कें और अधिक क्षतिग्रस्त हुई हैं। सड़क पर बने गड्ढों और उखड़े हिस्सों के कारण पैदल चलने वालों के साथ-साथ दोपहिया और अन्य वाहन चालकों को भी परेशानी हो रही है।

स्थानीय लोगों ने सड़क सुधार और मरम्मत की मांग उठाते हुए कहा कि क्षेत्र की कई सड़कें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। लोगों ने जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग से जल्द सड़क सुधारीकरण की मांग की।

निरीक्षण के दौरान सुरेंद्र सिंह नेगी ने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और उनकी बातों को गंभीरता से लिया। उन्होंने लोगों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

 

 

Leave a Comment

और पढ़ें