जेल अधीक्षक को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से धमकी, पुलिस ने किया खुलासा

 

 

जेल में बंद महिला से मिलने में रोक-टोक से नाराज था आरोपी, लुधियाना से खरीदी थी सिम

 

 

 

हरिद्वार। हरिद्वार के वरिष्ठ जेल अधीक्षक मनोज आर्य को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से धमकी दिए जाने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को रोशनाबाद क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। पूछताछ में धमकी देने की वजह जेल में बंद एक महिला से मुलाकात के दौरान होने वाली कथित रोक-टोक बताई गई है।पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी जेल में बंद एक महिला से मिलने के लिए अक्सर जाता था। इस दौरान जेल कर्मचारियों द्वारा उसे कई बार रोका-टोका जाता था, जिससे वह नाराज था। इसी नाराजगी में आरोपी ने लुधियाना से एक सिम खरीदी और कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम का इस्तेमाल करते हुए जेल अधीक्षक मनोज आर्य को धमकी दी।जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे रोशनाबाद से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पुलिस को उसके पूर्व में भी कई मामलों में जेल जाने की जानकारी मिली है।पुलिस के अनुसार आरोपी छह बहनों का इकलौता भाई है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि धमकी देने के लिए इस्तेमाल की गई सिम और मोबाइल फोन की व्यवस्था किस तरह की गई थी तथा इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं।पुलिस की कार्रवाई के बाद मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

 

Leave a Comment

और पढ़ें