
संवाददाता – नितिन कुमार (श्री जी न्यूज )
पौड़ी । जिला प्रशासन, खेल विभाग और जिला टेबल टेनिस एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को द्वितीय राज्य टेबल टेनिस रैंकिंग प्रतियोगिता-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने स्वयं टेबल टेनिस खेलकर खिलाड़ियों में नया जोश भर दिया।
चार दिवसीय (6 से 9 सितंबर) इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेशभर से लगभग 200 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। मैच संचालन के लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर उच्च गुणवत्ता की छह आधुनिक टेबलें उपलब्ध कराई गई हैं।

खेलों से विकसित होता है नेतृत्व व आत्मविश्वास: डीएम
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने कहा कि पढ़ाई के साथ खेलकूद बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद आवश्यक हैं। खेलों से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने कहा, “खेल में कोई हारता नहीं है; कोई जीतता है तो कोई सीखता है। यही सीख खिलाड़ी को आगे चलकर बड़ा मुकाम दिलाती है।” उन्होंने अभिभावकों की भी सराहना की कि वे बच्चों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

देहरादून से बाहर पहली बार पौड़ी में बड़ा आयोजन
उत्तराखंड टेबल टेनिस एसोसिएशन के अध्यक्ष चेतन गुरुंग ने कहा कि देहरादून से बाहर पहली बार पर्वतीय जिले पौड़ी में स्टेट रैंकिंग प्रतियोगिता व चैंपियनशिप का आयोजन होना एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने जिला प्रशासन के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि आने वाले समय में अन्य पहाड़ी जिलों में भी ऐसी प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी ताकि स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय पटल पर आने का मौका मिले। वहीं, जिला टेबल टेनिस एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश डंगवाल ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन का आभार जताया।

पहले दिन अंडर-19 और ओपन वर्ग के मुकाबले
प्रतियोगिता अंडर-11, अंडर-13, अंडर-17, अंडर-19 और ओपन वर्ग में आयोजित की जा रही है। पहले दिन ओपन और अंडर-19 वर्ग के रोमांचक मुकाबले खेले गए।

इस अवसर पर राज्य टेबल टेनिस एसोसिएशन के सचिव प्रिंस विपिन, जिला खेल अधिकारी पौड़ी प्रदीप कुमार, जिला खेल अधिकारी देहरादून शेफाली गुरुंग, जिला टेबल टेनिस एसोसिएशन के सचिव भारत बिष्ट सहित खेल विभाग के अधिकारी, कोच, खिलाड़ी और उनके अभिभावक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।









