
संवाददाता – नितिन कुमार
कोटद्वार/पौड़ी । युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में आयोजित ‘डिजिटल युवा महोत्सव-2026’ के तहत 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं के लिए आयोजित ऑनलाइन फिटनेस एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। सफल प्रतिभागियों को आगामी 10 सितंबर को भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की जयंती पर आयोजित समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी पंकज तिवारी ने परिणामों की जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिताओं को लेकर युवाओं में भारी उत्साह देखने को मिला।
प्रतियोगिताओं के परिणाम इस प्रकार रहे:
पुश-अप/स्क्वाट चैलेंज (द्वितीय सप्ताह): जुबिन नौटियाल ने प्रथम, अक्षत ने द्वितीय तथा सार्थक बुटोला ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
माई उत्तराखण्ड माई प्राइड: अंजू रावत प्रथम, वंशिका नेगी द्वितीय और तनुजा रावत तृतीय स्थान पर रहीं।
स्किपिंग प्रतियोगिता (तृतीय सप्ताह): अरमान कुमार ने पहला, गौरी ने दूसरा और साहिल ने तीसरा स्थान हासिल किया।
युवा फोटोग्राफी प्रतियोगिता: मानसी नेगी प्रथम, विकास चन्द्र द्वितीय व तनुजा तृतीय स्थान पर रहीं।
फिटनेस फिनाले (चतुर्थ सप्ताह): मुस्कान नेगी ने प्रथम, अक्षत ने द्वितीय और हिमांशु रावत ने तृतीय स्थान पाया।
वन मिनट वन स्किल प्रतियोगिता: आयुष सिंह प्रथम, अंकित द्वितीय तथा सचिन सिंह तृतीय स्थान पर रहे।
- डीबीटी से सीधे खाते में जाएगी पुरस्कार राशि
जिला युवा कल्याण अधिकारी ने बताया कि प्रथम सप्ताह के विजेताओं को पहले ही सम्मानित किया जा चुका है। द्वितीय, तृतीय और चतुर्थ सप्ताह के विजेताओं को 10 सितंबर 2026 को पंडित गोविंद बल्लभ पंत की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में प्रमाण पत्र व पुरस्कार भेंट किए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन के मानकों के अनुसार पुरस्कार राशि विजेताओं के बैंक खातों में डीबीटी (प्रत्यक्ष लाभ अंतरण) के माध्यम से भेजी जाएगी। उन्होंने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का अवसर मिलता है।









