कोटद्वार में तीन दिवसीय कुकिंग प्रतियोगिता का भव्य समापन, विजेताओं को किया सम्मानित

 

 

 

 

 

₹51 हजार की पुरस्कार राशि रही मुख्य आकर्षण, डांस, मेहंदी और आर्ट प्रतियोगिताओं में भी प्रतिभागियों ने दिखाया हुनर

संवाददाता :- नितिन कुमार

कोटद्वार। उत्तराखंड शेफ एसोसिएशन के तत्वावधान में कोटद्वार के मालवीय उद्यान में 2 से 4 अक्टूबर तक तीन दिवसीय कुकिंग प्रतियोगिता एवं विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया गया। आयोजन का उद्देश्य उत्तराखंड की पारंपरिक पाक कला, पहाड़ी व्यंजनों और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना रहा।

तीन दिवसीय कार्यक्रम के दौरान मुख्य कुकिंग प्रतियोगिता के साथ डांस, मेहंदी और आर्ट प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। इनमें बच्चों, युवाओं और विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

4 अक्टूबर को आयोजित समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र रावत सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। अतिथियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं एवं प्रतिभागियों को पुरस्कार और प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। मुख्य कुकिंग प्रतियोगिता के लिए ₹51,000 की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई थी। इसके अतिरिक्त डांस, मेहंदी और आर्ट प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया।

उत्तराखंड शेफ एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक कुमार तथा पदाधिकारियों शेफ चंदन, शेफ रविंदर रावत, जगदीश प्रसाद, शेफ हिम्मत, विपिन, मयंक आर्य, अजय सूत और श्रीमती स्नेहा सेकिया ने कहा कि यह आयोजन प्रदेश की समृद्ध खाद्य संस्कृति को संरक्षित करने और उसे प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। एसोसिएशन का उद्देश्य उत्तराखंड के पारंपरिक व्यंजनों, पहाड़ी भोजन और स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना, उन्हें पर्यटन से जोड़ना तथा युवाओं के लिए प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।

शेफ स्कूल कोटद्वार के स्टाफ का रहा विशेष योगदान

 

आयोजन को सफल बनाने में शेफ स्कूल कोटद्वार के स्टाफ राखी रावत, मंजू नेगी, सानंद भारद्वाज, विजय पाल भंडारी, अजय ध्यानी और जाग्रति अग्रवाल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम ने आयोजन की व्यवस्थाओं, प्रतिभागियों के समन्वय और प्रतियोगिताओं के सफल संचालन में विशेष योगदान दिया।

उत्तराखंड शेफ एसोसिएशन ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले प्रतिभागियों, निर्णायकों, अतिथियों, शेफ स्कूल के स्टाफ, सहयोगी संस्थाओं, प्रायोजकों, मीडिया प्रतिनिधियों और कोटद्वार की जनता का आभार व्यक्त किया। एसोसिएशन ने भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को व्यापक स्तर पर आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई, ताकि उत्तराखंड की पाक कला, पारंपरिक व्यंजनों, स्थानीय उत्पादों और प्रतिभाओं को देश-विदेश में नई पहचान मिल सके।

Leave a Comment

और पढ़ें