
कोटद्वार, 06 अक्टूबर 2026।
उत्तराखंड क्रांति दल (डेमोक्रेटिक) ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण नियुक्ति की है। दल के केंद्रीय अध्यक्ष बलवेंद्र सिंह नेगी की ओर से जारी नियुक्ति पत्र में कोटद्वार निवासी रोहित डंडरियाल को पार्टी की केंद्रीय कार्यकारिणी में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जारी नियुक्ति पत्र में कहा गया है कि दल के प्रति निष्ठा, ईमानदारी एवं कार्यकुशलता को देखते हुए रोहित डंडरियाल को कार्यकारिणी में केंद्रीय अध्यक्ष (विधि प्रकोष्ठ) के पद पर मनोनीत किया गया है। नियुक्ति पत्र में उनसे अपेक्षा जताई गई है कि वे अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी ईमानदारी एवं सक्रियता के साथ करेंगे।

पार्टी नेतृत्व ने उम्मीद जताई कि रोहित डंडरियाल दल की नीतियों एवं विचारधारा को क्षेत्र के जन-जन तक पहुंचाने के साथ संगठन को मजबूती प्रदान करने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। साथ ही, संगठन के विस्तार और आगामी राजनीतिक गतिविधियों में भी उनके अनुभव एवं सक्रियता का लाभ पार्टी को मिलेगा।
नियुक्ति पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि तीन महीने के भीतर अपनी कार्यकारिणी गठित कर केंद्रीय कार्यालय को अवगत कराना होगा, अन्यथा नियुक्त पद को मुक्त किया जा सकता है।
रोहित डंडरियाल की नियुक्ति के बाद स्थानीय कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में उत्साह देखने को मिल रहा है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में संगठन को कोटद्वार एवं आसपास के क्षेत्रों में और मजबूती मिलेगी।









