जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय दुगड्डा में आयोजित हुआ श्रद्धांजलि एवं स्मरण कार्यक्रम, गांधी और शास्त्री के विचारों को जीवन में उतारने का लिया संकल्प
संवाददाता – नितिन कुमार
दुगड्डा। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय दुगड्डा में श्रद्धांजलि एवं स्मरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विकास नेगी ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर उनके जीवन, संघर्ष और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को याद किया।
इस अवसर पर विकास नेगी ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, स्वावलंबन और समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुंचाने का मार्ग दिखाया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में भी गांधी जी के विचार समाज और लोकतंत्र के लिए प्रासंगिक हैं। जनसेवा, सत्य, अहिंसा और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देना ही गांधी जी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
उन्होंने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री ने अपने सादगीपूर्ण, ईमानदार और अनुशासित जीवन से राष्ट्रसेवा की मिसाल कायम की। उनका प्रसिद्ध नारा “जय जवान, जय किसान” आज भी देश की मूल शक्ति और जिम्मेदारियों की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करने वाला जवान और देश के लिए अन्न पैदा करने वाला किसान दोनों ही राष्ट्र की मजबूती के महत्वपूर्ण आधार हैं।
विकास नेगी ने कहा कि महापुरुषों को केवल जयंती के अवसर पर याद करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके विचारों और आदर्शों को अपने जीवन तथा सार्वजनिक कार्यों में उतारना आवश्यक है। उन्होंने सत्य, अहिंसा, भाईचारे, सामाजिक न्याय और जनसेवा के मूल्यों को मजबूत करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा समाज और क्षेत्र के हित में जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष विनोद डबराल, नगर अध्यक्ष नितेश ठाकुर, पूर्व नगर अध्यक्ष हरेंद्र रावत, जिला महासचिव राकेश रावत, भुवनेश खरकवाल सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









