चम्पावत को सडन डेथ में हराकर हासिल किया तीसरा स्थान, हॉकी कोच तेजेन्द्र रावत के मार्गदर्शन में टीम ने दिखाया शानदार प्रदर्शन

संवाददाता – नितिन कुमार
पौड़ी गढ़वाल/हरिद्वार। मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी खेल महाकुंभ 2026 में पौड़ी गढ़वाल की अंडर-19 महिला हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तृतीय स्थान प्राप्त किया। 20 सितंबर से 25 सितंबर 2026 तक हरिद्वार के रोशनाबाद स्थित वंदना कटारिया स्टेडियम में आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 13 जिलों की टीमों ने प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता में पौड़ी गढ़वाल की महिला हॉकी टीम ने अपने दमदार खेल, शानदार तालमेल और संघर्षपूर्ण प्रदर्शन से सबका ध्यान आकर्षित किया। टीम ने तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में चम्पावत को पेनल्टी शूटआउट और सडन डेथ में पराजित कर प्रतियोगिता में तीसरा स्थान हासिल किया।
अल्मोड़ा को 6-0 से हराकर की शानदार शुरुआत
टूर्नामेंट में पौड़ी गढ़वाल की टीम ने अपने पहले मुकाबले में अल्मोड़ा की टीम को 6-0 से करारी शिकस्त देकर शानदार आगाज किया। इस जीत से टीम का आत्मविश्वास बढ़ा और खिलाड़ियों ने अगले मुकाबलों के लिए अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।
इसके बाद खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में पौड़ी गढ़वाल का सामना देहरादून की टीम से हुआ। कड़े मुकाबले में पौड़ी की खिलाड़ी निकिता भट्ट ने निर्णायक गोल दागकर टीम को 1-0 से जीत दिलाई और टीम को सेमीफाइनल में पहुंचाया।
सेमीफाइनल में टिहरी से मिली हार
सेमीफाइनल मुकाबले में पौड़ी गढ़वाल की टीम का सामना टिहरी की टीम से हुआ। इस मुकाबले में टिहरी ने दो गोल दागकर जीत हासिल की। पौड़ी की टीम को इस मैच में हार का सामना करना पड़ा, जिसके बाद टीम तीसरे स्थान के लिए मैदान में उतरी।
चम्पावत को सडन डेथ में हराकर हासिल किया तीसरा स्थान
तृतीय स्थान के लिए पौड़ी गढ़वाल और चम्पावत की टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया। निर्धारित समय में दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर रहीं, जिसके बाद मैच का फैसला पेनल्टी शूटआउट से किया गया।
पेनल्टी शूटआउट में भी दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला और स्कोर 3-3 से बराबर रहा। इसके बाद मुकाबला सडन डेथ में पहुंचा, जहां पौड़ी गढ़वाल की खिलाड़ी पल्लवी ने निर्णायक गोल दागकर टीम को जीत दिलाई।
इस जीत के साथ पौड़ी गढ़वाल की अंडर-19 महिला हॉकी टीम ने मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी खेल महाकुंभ 2026 में तृतीय स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया।
कोच तेजेन्द्र रावत की रही अहम भूमिका
पूरे टूर्नामेंट के दौरान हॉकी कोच श्री तेजेन्द्र रावत की भूमिका महत्वपूर्ण रही। उन्होंने प्रत्येक मुकाबले में खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें बेहतर खेल प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। साथ ही, खिलाड़ियों को गेम प्लानिंग, रणनीति और टीम के बीच बेहतर तालमेल के साथ खेलने के लिए मार्गदर्शन दिया।
कोच के निरंतर प्रोत्साहन, खिलाड़ियों की मेहनत और टीम भावना का ही परिणाम रहा कि पौड़ी गढ़वाल की टीम ने प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में तीसरा स्थान हासिल किया।
पौड़ी गढ़वाल की अंडर-19 महिला हॉकी टीम की यह उपलब्धि जिले के खेल जगत के लिए गौरव का विषय है। टीम के इस प्रदर्शन से जिले की युवा खिलाड़ियों को भविष्य में खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और नई उपलब्धियां हासिल करने की प्रेरणा मिलेगी।









