कोटद्वार की बेटी पावनी का उत्तराखंड जूनियर बालिका फुटबॉल टीम में चयन

 

डॉ. तालीमेरेन आओ राष्ट्रीय फुटबॉल स्पर्धा में करेंगी राज्य का प्रतिनिधित्व

कोटद्वार। कोटद्वार की होनहार फुटबॉल खिलाड़ी पावनी का चयन उत्तराखंड की जूनियर बालिका टीम में हुआ है। वह छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में आयोजित होने वाली प्रतिष्ठित ‘डॉक्टर तालीमेरेन आओ राष्ट्रीय जूनियर बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता’ में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी।

ग्रस्टनगंज निवासी स्वर्गीय गंगाराम एवं मंजू देवी की सुपुत्री पावनी राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी) कोटद्वार में कक्षा 9 की छात्रा हैं। विद्यालय की शारीरिक शिक्षिका श्रीमती अनीता बिष्ट ने बताया कि पावनी एक प्रतिभावान खिलाड़ी हैं और इससे पूर्व भी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में अपने विद्यालय व जनपद का गौरव बढ़ा चुकी हैं।

पावनी ने फुटबॉल की शुरुआती (ग्रासरूट) ट्रेनिंग कोच महेंद्र रावत से प्राप्त की, जबकि बीते एक वर्ष से वह खेलो इंडिया सेंटर में युवा प्रशिक्षक शिवा चौधरी के मार्गदर्शन में खेल की बारीकियां सीख रही हैं।

उत्तराखंड टीम का मैच शेड्यूल

* मंगलवार: पहला मुकाबला त्रिपुरा के खिलाफ

* 17 सितंबर: सिक्किम से भिड़ंत

* 21 सितंबर: चंडीगढ़ के खिलाफ मुकाबला

* 23 सितंबर: भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) से मुकाबला

स्वतंत्र भारत के पहले फुटबॉल कप्तान की स्मृति में आयोजन

सह सचिव सिद्धार्थ रावत ने बताया कि यह राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन (AIFF) द्वारा हर वर्ष नागालैंड के डॉ. तालीमेरेन आओ की स्मृति में आयोजित की जाती है। पेशे से चिकित्सक रहे डॉ. आओ स्वतंत्र भारत की राष्ट्रीय फुटबॉल टीम के पहले कप्तान थे, जिन्होंने 1948 के लंदन ओलंपिक में भारतीय दल का नेतृत्व किया था।

खेल जगत व विद्यालय परिवार ने दी शुभकामनाएं

पावनी के चयन पर अंतरराष्ट्रीय कोच सुनील रावत, स्पोर्ट्स स्टेडियम इंचार्ज श्याम डांगी, जीजीआईसी की प्रधानाचार्या बबीता ध्यानी, जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष हरीश वर्मा तथा उपाध्यक्ष प्रियंका रावत ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और टीम की जीत की कामना की है।

 

Leave a Comment

और पढ़ें