कोटद्वार में सियासी भूचाल: BJP छोड़ कांग्रेस में आए भुवनेश खर्कवाल, बोले— नेगी राम’ हैं मैं उनका लक्ष्मण

संवाददाता – नितिन कुमार

 

कोटद्वार की राजनीति से इस वक्त की सबसे बड़ी हलचल सामने आ रही है। विधानसभा चुनाव 2027 से पहले कोटद्वार में कांग्रेस का कुनबा और मजबूत हो गया है। पूर्व कैबिनेट मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुरेन्द्र सिंह नेगी के नेतृत्व में दीपक वेडिंग पॉइंट में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में भाजपा को बड़ा झटका लगा। भाजपा नेता भुवनेश खर्कवाल ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ कांग्रेस का ‘हाथ’ थाम लिया है। पार्टी में शामिल होते ही भुवनेश खर्कवाल ने सुरेन्द्र सिंह नेगी को ‘राम’ और खुद को उनका ‘लक्ष्मण’ बताया।

कोटद्वार का दीपक वेडिंग पॉइंट आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं के गगनभेदी नारों से गूंज उठा। मौका था कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन और स्वागत समारोह का। मंच पर पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी मौजूद थे और सामने कार्यकर्ताओं का भारी हुजूम। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा भाजपा नेता भुवनेश खर्कवाल की कांग्रेस में घर-वापसी। सुरेन्द्र सिंह नेगी ने भुवनेश खर्कवाल और उनके सभी साथियों को पार्टी का पटका पहनाकर विधिवत कांग्रेस की सदस्यता दिलाई।खर्कवाल के पार्टी में आते ही हॉल “विकास पुरुष सुरेन्द्र सिंह नेगी जिंदाबाद” के नारों से गूंज उठा।

वहीं नए साथियों का स्वागत करते हुए पूर्व मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी ने कहा कि कार्यकर्ताओं की एकजुटता ही संगठन की असली ताकत है। उन्होंने कहा कि नए साथियों के जुड़ने से बूथ स्तर पर कांग्रेस को नई ऊर्जा मिलेगी। सम्मेलन में मंच से 2027 के रण का सीधा ऐलान करते हुए भाजपा सरकार के खिलाफ जन-आंदोलन तेज करने का आह्वान किया गया।

 

 

 

 

Leave a Comment

और पढ़ें