हल्द्वानी घटना के विरोध में आज कांग्रेस का देहरादून में शक्ति प्रदर्शन, सीएम आवास घेराव की तैयारी

​परेड ग्राउंड से राजपुर रोड होते हुए मुख्यमंत्री आवास कूच करेंगे कार्यकर्ता, प्रदेश अध्यक्ष गोदियाल और प्रभारी कुमारी शैलजा रहेंगी मौजूद

​देहरादून (ब्यूरो)। हल्द्वानी के रामलीला मैदान में हुए घटनाक्रम और राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ कांग्रेस आज राजधानी देहरादून में जोरदार शक्ति प्रदर्शन करने जा रही है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आज हजारों कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे। प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल करेंगे, जबकि प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा सहित कई वरिष्ठ नेता और विधायक भी इस कूच में शामिल रहेंगे।

​तय कार्यक्रम के अनुसार, सुबह 11:30 बजे प्रदेश भर से आए कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता परेड ग्राउंड में एकत्रित होंगे। यहां एक जनसभा के बाद कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास के लिए कूच करेंगे। कांग्रेस का यह जुलूस परेड ग्राउंड से शुरू होकर पैसिफिक होटल तिराहा, सहकारी बाजार होते हुए राजपुर रोड के रास्ते सीएम आवास की ओर आगे बढ़ेगा।

​लोकतांत्रिक मूल्यों के हनन का आरोप कांग्रेस नेतृत्व ने भाजपा सरकार पर तानाशाही रवैया अपनाने और लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन करने का आरोप लगाया है। पार्टी का कहना है कि हल्द्वानी के रामलीला मैदान में जो कुछ हुआ, वह सत्ता के दुरुपयोग का प्रत्यक्ष उदाहरण है। इसके विरोध में जनता की आवाज उठाने के लिए यह घेराव किया जा रहा है।

​पुलिस-प्रशासन अलर्ट कांग्रेस के इस बड़े प्रदर्शन को देखते हुए जिला व पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। परेड ग्राउंड से लेकर राजपुर रोड और मुख्यमंत्री आवास तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील चौराहों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है। साथ ही शहर में ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु रखने के लिए रूट डायवर्जन भी लागू किया गया है।

Leave a Comment

और पढ़ें