डिग्री के साथ स्किल्स पर दें ध्यान: पीजी कॉलेज कोटद्वार में ओरिएंटेशन एवं करियर काउंसलिंग कार्यक्रम संपन्न

 

संवाददाता – नितिन कुमार

​कोटद्वार।स्थानीय डॉ. पीतांबर दत्त बड़थ्वाल हिमालय राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में वाणिज्य विभाग और पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के संयुक्त तत्वावधान में छात्र-छात्राओं के लिए एक दिवसीय ‘ओरिएंटेशन एवं करियर काउंसलिंग’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विशेषज्ञों ने नई शिक्षा नीति (एनईपी-2020) और रोजगार के विविध अवसरों पर विस्तार से चर्चा की।

 

​कार्यक्रम का शुभारंभ वाणिज्य विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. प्रीति रानी ने किया। उन्होंने अपने उद्घाटन संबोधन में नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं का स्वागत करते हुए कॉलेज में संचालित विभिन्न कार्यक्रमों और शैक्षणिक गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी। इसके पश्चात, पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. ज्योति खरे ने नई शिक्षा नीति (NEP-2020) की बारीकियों को समझाते हुए विभिन्न विषयों और पाठ्यक्रमों पर प्रकाश डाला।

​करियर मार्गदर्शन सत्र के दौरान वाणिज्य विभाग की प्राध्यापिका डॉ. अंशिका बंसल ने विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और भविष्य के करियर विकल्पों के बारे में महत्वपूर्ण सुझाव दिए। वहीं, डॉ. गणेश चंद्र ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में सिर्फ डिग्री हासिल करना ही काफी नहीं है, बल्कि उसके साथ-साथ व्यावहारिक कौशल (स्किल्स) और विषय का गहन ज्ञान होना बेहद जरूरी है।

​इसी क्रम में पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के प्राध्यापक श्री चक्रधर कंडवाल ने मीडिया, पत्रकारिता और जनसंचार के क्षेत्र में मौजूद करियर की असीम संभावनाओं से विद्यार्थियों को रूबरू कराया और इस क्षेत्र की चुनौतियों व अवसरों पर बात ​कार्यक्रम का सफल संचालन वाणिज्य विभाग के डॉ. रविंद्र कुमार ने किया। अंत में पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के प्राध्यापक  अरविंद दुदपुरी ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्राध्यापकों और छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर वाणिज्य एवं जनसंचार विभाग के छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता की।

 

Leave a Comment

और पढ़ें