
ब्यूरो रिपोर्ट
हरिद्वार। धर्मनगरी के रेलवे स्टेशन परिसर में दहशत फैलाने और हवाई फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 12 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है।
पुलिस के अनुसार, घटना रेलवे स्टेशन के गेट नंबर-04 के पास की है, जहां चाय की ठेली पर हुए विवाद के बाद माहौल गरमा गया था। वहां मौजूद लोगों और यात्रियों पर रौब गालिब करने व डराने के उद्देश्य से आरोपियों ने तमंचे से हवाई फायर झोंक दिया। इस दौरान तमंचे से निकले छर्रों में से एक छर्रा वहां मौजूद शिकायतकर्ता की पत्नी के पैर में जा लगा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने स्टेशन परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सौरभ कुमार, शिवम और प्रवेश गुप्ता के रूप में हुई है। आरोपी प्रवेश गुप्ता के पास से 12 बोर का तमंचा बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि चाय की ठेली पर कहासुनी के बाद प्रभाव जमाने की नीयत से हवाई फायरिंग की गई थी। पुलिस के मुताबिक, मामले में शामिल दो अन्य फरार आरोपियों की शिनाख्त कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पकड़े गए तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।









