
संवाददाता – नितिन कुमार (श्री जी न्यूज )
कोटद्वार (संवाददाता)। कोतवाली कोटद्वार पुलिस और सीआईयू की संयुक्त टीम ने सीमित सुरागों और तमाम चुनौतियों के बीच त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिग किशोरी को उत्तर प्रदेश के बिजनौर से सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने मामले में संलिप्त आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेजने की तैयारी कर ली है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत 2 सितंबर को कोटद्वार निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली में अपनी नाबालिग पुत्री को अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर भगा ले जाने की तहरीर दी थी। पुलिस ने मामले में धारा 137(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया। प्रकरण की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने किशोरी की सकुशल बरामदगी और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के सख्त निर्देश दिए।
सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों और सर्विलांस की मदद से सुलझी गुत्थी
जांच के दौरान पुलिस और सीआईयू टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल की। फुटेज में किशोरी एक युवक के साथ बाइक पर जाती नजर आई, लेकिन बाइक की नंबर प्लेट स्पष्ट नहीं थी और दोनों ने चेहरे भी ढक रखे थे।
इस चुनौती के बावजूद पुलिस टीम ने सर्विलांस और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। साथ ही उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश की सीमा से जुड़े सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की कड़ियों को जोड़ते हुए पुलिस टीम यूपी के नगीना (बिजनौर) तक जा पहुंची। आखिरकार पुलिस ने आजाद कॉलोनी, नगीना से किशोरी को सकुशल बरामद करते हुए आरोपी को धर दबोचा।
अभियुक्त का विवरण
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहित पुत्र वीरेंद्र उर्फ बिंदा, निवासी ग्राम ढकिया, थाना नगीना देहात, जनपद बिजनौर (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी आजाद कॉलोनी, नगीना के रूप में हुई है।
सराहनीय कार्य करने वाली पुलिस टीम
सफलता पाने वाली टीम में उपनिरीक्षक मेहराजुद्दीन, अपर उपनिरीक्षक अहसान अली (सीआईयू कोटद्वार), कांस्टेबल चंद्रपाल, कांस्टेबल सितांशु (सीआईयू कोटद्वार), होमगार्ड कुलदीप तथा महिला होमगार्ड सपना रावत शामिल रहे। एसएसपी पौड़ी ने टीम के इस त्वरित और सराहनीय कार्य की प्रशंसा की है।









