
ब्यूरो रिपोर्ट
हरिद्वार/खानपुर: जिला पंचायत हरिद्वार की अध्यक्ष किरण चौधरी (राजेंद्र सिंह) के सौजन्य से रविवार को खानपुर स्थित श्री जटाशंकर महादेव मंदिर प्रांगण में एक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन के साथ-साथ ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के आपदा प्रभावित किसानों और स्थानीय नागरिकों की समस्याओं को सुनना और उनका त्वरित समाधान करना था।

इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान भारी संख्या में पहुंचे क्षेत्रीय नागरिकों और आपदा से प्रभावित किसानों ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के समक्ष अपनी समस्याएं और मांगें रखीं।

’सरकार आपके द्वार’ पहल के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज और जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए और जनता को आश्वस्त किया कि क्षेत्र के विकास और आपदा प्रभावितों की सहायता के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।









