मोबाइल और सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल की दी जानकारी, ऑनलाइन फ्रॉड, साइबर ब्लैकमेलिंग और डिजिटल ठगी से बचने के बताए उपाय
संवाददाता – नितिन कुमार
पौड़ी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी श्री सर्वेश पंवार के निर्देश पर जनपद में चलाए जा रहे साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा एवं नशा मुक्त अभियान के तहत पुलिस टीमों ने स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। इस दौरान छात्र-छात्राओं को मोबाइल फोन, सोशल मीडिया और इंटरनेट के सुरक्षित एवं जिम्मेदाराना इस्तेमाल की जानकारी दी गई।

हिवालीधार और खैरासैंड के स्कूलों में हुआ जागरूकता कार्यक्रम
थाना पैठाणी पुलिस टीम द्वारा राजकीय इंटर कॉलेज हिवालीधार तथा थाना सतपुली पुलिस द्वारा नवोदय विद्यालय खैरासैंड में छात्र-छात्राओं के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
पुलिस टीमों ने विद्यार्थियों को बताया कि मोबाइल और सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते समय विशेष सावधानी बरतना जरूरी है। किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करने, बैंकिंग संबंधी जानकारी, OTP, पासवर्ड अथवा अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी गई।

ऑनलाइन फ्रॉड और साइबर ठगी से बचने के बताए तरीके
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को बढ़ते ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी कॉल, साइबर ब्लैकमेलिंग और डिजिटल ठगी के तरीकों के बारे में जानकारी दी गई। पुलिस ने छात्रों से सोशल मीडिया पर किसी अनजान व्यक्ति से संपर्क करते समय सावधानी बरतने और संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर तत्काल परिजनों या पुलिस को जानकारी देने की अपील की।

बाल सुरक्षा और महिला सुरक्षा पर भी जागरूक किया
पुलिस टीमों ने विद्यार्थियों को बाल अपराध एवं बाल सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी। बच्चों को उनके अधिकारों, गुड टच-बैड टच, बाल संरक्षण, बाल श्रम, बाल विवाह तथा बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों के प्रति जागरूक किया गया।
वहीं छात्राओं को महिला सुरक्षा से संबंधित कानूनी अधिकारों, साइबर उत्पीड़न, छेड़छाड़ और अन्य अपराधों के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई।

हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को किसी भी आपात स्थिति में सहायता लेने के लिए महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। पुलिस ने बताया कि साइबर अपराध की स्थिति में साइबर हेल्पलाइन 1930, आपातकालीन स्थिति में 112, महिला संबंधी सहायता के लिए 1090 और बच्चों की सहायता के लिए 1098 पर संपर्क किया जा सकता है।
पुलिस टीम ने विद्यार्थियों से कहा कि किसी भी तरह की परेशानी या अपराध की स्थिति में डरने अथवा चुप रहने के बजाय निडर होकर पुलिस और संबंधित हेल्पलाइन से संपर्क करें।










