एचएनबीजीयू छात्र संघ चुनाव: श्रीनगर व पौड़ी में नामांकन शुरू, हुड़दंगियों पर होगी पुलिस की सख्त नजर

 

शांतिपूर्ण चुनाव के लिए परिसरों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, प्रवेश द्वारों पर सघन चेकिंग, कानून हाथ में लेने वालों पर होगी तुरंत कानूनी कार्रवाई।

​पौड़ी/श्रीनगर (संवाददाता)।

हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय (एचएनबीजीयू) के श्रीनगर और पौड़ी परिसरों में छात्र संघ चुनाव की सरगर्मियां तेज हो गई हैं। दोनों परिसरों में नामांकन प्रक्रिया विधिवत रूप से शुरू हो गई है। चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन ने पूरी तरह कमर कस ली है। किसी भी तरह की अराजकता से निपटने के लिए परिसरों को छावनी में तब्दील कर दिया गया है।

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, नामांकन प्रक्रिया के दौरान दोनों परिसरों और उनके आसपास के क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। कॉलेज के प्रवेश और निकास द्वारों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है, जहां पुलिस कर्मी लगातार निगरानी कर रहे हैं। नामांकन के दौरान छात्र-छात्राओं और प्रत्याशियों की आवाजाही पर भी पुलिस की पैनी नजर बनी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि चुनाव प्रक्रिया को सकुशल संपन्न कराने के लिए मुख्य चुनाव के दिन अतिरिक्त पुलिस बल की भी तैनाती की जाएगी।

​कानून तोड़ा तो नहीं मिलेगी कोई रियायत

सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाए रखने के लिए पुलिस टीमें पूरी मुस्तैदी से डटी हुई हैं। पुलिस प्रशासन ने सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि यदि चुनाव की आड़ में किसी भी व्यक्ति द्वारा हुड़दंग, अराजकता, मारपीट, अभद्रता या जबरन भीड़ एकत्र कर शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास किया गया, तो उसके खिलाफ तत्काल और कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। कानून हाथ में लेने वाले किसी भी शख्स के प्रति कतई नरमी नहीं बरती जाएगी।

​पुलिस की अपील: गरिमा और अनुशासन बनाए रखें

छात्र संघ चुनाव के मद्देनजर पुलिस ने सभी छात्र-छात्राओं और प्रत्याशियों से शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक माहौल बनाए रखने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि सभी प्रत्याशी चुनाव की गरिमा और अनुशासन का कड़ाई से पालन करें। किसी भी प्रकार की अफवाह, विवाद, उग्र नारेबाजी या ऐसी गतिविधियों से बचें, जिससे परिसर का माहौल खराब हो। सभी प्रत्याशी निर्धारित नियमों का पालन करते हुए पुलिस व प्रशासन का सहयोग करें।

Leave a Comment

और पढ़ें