पहाड़ी से गिरे भारी मलबे के कारण 20 मीटर तक सड़क बंद, मलबा हटाने में जुटीं जेसीबी मशीनें, पुलिस ने की आवागमन से बचने की अपील।
संवाददाता – नितिन कुमार
यमकेश्वर/ऋषिकेश।
यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत लक्ष्मणझूला से श्री नीलकंठ महादेव मंदिर जाने वाले मुख्य मार्ग पर पटना वॉटरफॉल के समीप पहाड़ी से अचानक भारी मलबा आ गिरा। इस भूस्खलन के कारण लगभग 20 मीटर तक का सड़क मार्ग पूरी तरह से बाधित हो गया है, जिससे इस अहम रूट पर यातायात ठप पड़ गया है। गनीमत रही कि जब यह मलबा गिरा, तब वहां से कोई वाहन नहीं गुजर रहा था।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई। मार्ग को खोलने के लिए जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाने का कार्य युद्ध स्तर पर लगातार जारी है। हालांकि, मौके पर मौजूद अधिकारियों का कहना है कि सड़क पर मलबे की मात्रा काफी अधिक है। इसे पूरी तरह से हटाकर यातायात को सुरक्षित रूप से सुचारू करने में लगभग तीन से चार घंटे का समय लग सकता है।

इस दौरान नीलकंठ जाने और वहां से लौटने वाले कई वाहन मार्ग के दोनों ओर फंसे हुए हैं।
यात्रियों से सावधानी बरतने की अपील

यात्रियों एवं वाहन चालकों की सुरक्षा के मद्देनजर स्थानीय पुलिस और प्रशासन ने एडवाइजरी जारी की है। प्रशासन ने लोगों से अनुरोध किया है कि जब तक यह मार्ग पूरी तरह से सुरक्षित और मलबा मुक्त नहीं हो जाता, तब तक इस रूट पर आवागमन करने से बचें। सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस टीम मौके पर तैनात है। अधिकारियों ने सभी यात्रियों से पुलिस के निर्देशों का सख्ती से पालन करने और धैर्य बनाए रखने की अपील की है।









