उद्घाटन मुकाबले में बाल भारती पब्लिक स्कूल ने गुरुकुल एकेडमी चंदनपुरा को 3-1 से हराया, अभिज्ञान भट्ट ने लगाई शानदार हैट्रिक
संवाददाता :- नितिन कुमार
कोटद्वार। शहीद असिस्टेंट कमांडेंट मुकेश बिष्ट की स्मृति में आयोजित अंतर विद्यालय फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ जनता इंटर कॉलेज के खेल मैदान में हुआ। प्रतियोगिता के उद्घाटन मुकाबले में गत विजेता बाल भारती पब्लिक स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गुरुकुल एकेडमी चंदनपुरा को 3-1 से पराजित कर टूर्नामेंट में जीत के साथ आगाज किया।
मुकाबले में बाल भारती पब्लिक स्कूल के अभिज्ञान भट्ट ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हैट्रिक लगाई। उनके बेहतरीन खेल के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। शुरुआत से ही बाल भारती की टीम ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया और मैच पर अपनी पकड़ बनाए रखी।

प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर सेवानिवृत्त कारगिल युद्ध नायक लेफ्टिनेंट कर्नल चंद्री पाल पटवाल एवं बाल भारती पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर गिरिराज सिंह रावत मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजक समिति को शुभकामनाएं दीं।
मैच का आंखों देखा हाल मेहरबान नेगी एवं तरुण ईष्टवाल द्वारा सुनाया गया। वहीं निर्णायक की भूमिका हृतिक नेगी, इंद्रा सिंह और सार्थक रावत ने निभाई।

आयोजक समिति के सिद्धार्थ रावत ने बताया कि प्रतियोगिता में कुल 20 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 22 अक्टूबर 2026 को खेला जाएगा। विजेता टीम को 13,000 रुपये नकद एवं ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को 6,100 रुपये नकद एवं ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।
प्रतियोगिता के शुभारंभ के साथ ही मैदान में खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबलों का दौर शुरू हो गया है। आने वाले मैचों में विभिन्न विद्यालयों की टीमें खिताब के लिए अपना दमखम दिखाएंगी।








